नारंगी में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान,एच.एल. पोद्दार फाउंडेशन और लायंस क्लब गुवाहाटी एक्शन की पहल, 150 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 24 मई 2026।
एच.एल. पोद्दार फाउंडेशन एवं लायंस क्लब गुवाहाटी एक्शन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नारंगी स्थित शंकरदेव विद्या निकेतन, बिरकुची में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के लगभग 150 छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

वर्ष 2026 की एचएसएलसी एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पारंपरिक असमिया गमोसा, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

फाउंडेशन के संस्थापक अजय पोद्दार के नेतृत्व में एच.एल. पोद्दार फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से नारंगी क्षेत्र में इस प्रकार के छात्र सम्मान समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करता आ रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष न्यूनतम पात्रता 70 प्रतिशत निर्धारित करने का उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक सफलता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ज्ञान, संस्कार और विवेक भी उतने ही आवश्यक हैं, ताकि वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम में शंकरदेव विद्या निकेतन के प्रधानाचार्य मंजु मोहन चक्रवर्ती, सांस्कृतिक सचिव केशव चंद्र कलिता, भाजपा प्रागज्योतिषपुर मंडल अध्यक्ष रतुल नाथ, सचिव ब्रजेन नाथ, प्रदीप कलिता, ब्रह्मपुत्र वैली स्कूल के प्रधानाचार्य पापू सिंह, लायंस क्लब गुवाहाटी एक्शन के अध्यक्ष हृषिकेश नाथ तथा ऑक्सीजोन की स्वामिनी एवं फाउंडेशन सदस्य रंजना भजांका सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन पूर्णिमा बांगजांग ने प्रभावशाली ढंग से किया। फाउंडेशन की ओर से सुमी राजकोंवर, प्रियंका कलिता, संगीता राभा, जानकी राय, नायन पाठक, बिपुल लाहोन एवं दिलीप मंडल भी उपस्थित थे। स्थानीय पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी समारोह में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने एच.एल. पोद्दार फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, गौ-सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उसके निरंतर योगदान की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *