विधायक विजय गुप्ता का भव्य नागरिक अभिनंदन, युवा भारती के आयोजन में सामाजिक संगठनों ने जताया विश्वास, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 24 मई। अग्रणी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था युवा भारती के तत्वावधान में रविवार को मध्य गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक विजय गुप्ता का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। फैंसी बाजार स्थित सांगानेरिया धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं ने विधायक का अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विधायक विजय गुप्ता के साथ समाजसेवी कैलाश लोहिया, महावीर जैन, चैनरूप बेद, आरएस जोशी, कैलाश काबरा तथा युवा भारती के मनमोहन सिकरिया मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा भारती के सह संयोजक विवेक सांगानेरिया ने किया। प्रारंभ में युवा भारती की ओर से मनमोहन सिकरिया ने स्वागत संबोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान कैलाश काबरा एवं महावीर जैन ने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को विधायक के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। अपने संबोधन में विधायक विजय गुप्ता ने कहा कि जनता ने उन्हें भारी समर्थन देकर विधानसभा भेजा है और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्किंग संकट, ट्रैफिक जाम, डंपिंग यार्ड तथा अवैध अतिक्रमण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन, मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा, राजस्थान फाउंडेशन, मारवाड़ी युवा मंच की विभिन्न शाखाओं, दिगंबर जैन पंचायत, अग्रवाल सभा, शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल, लायंस डिस्ट्रिक्ट 322जी, विप्र फाउंडेशन, माहेश्वरी सभा, जेसीआई जोन-25, गुवाहाटी मोटरपार्ट्स ट्रेडर्स एसोसिएशन, पूर्वोत्तर जाट महासभा, हरियाणा नागरिक संघ, तेरापंथ सभा, नॉर्थ ईस्ट होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन सहित अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विधायक विजय गुप्ता का नागरिक अभिनंदन किया।
समारोह में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पार्षद रत्ना सिंह भारद्वाज, जीएमसी पार्षद प्रमोद स्वामी, स्निग्धा मजूमदार, सौरभ झुनझुनवाला सहित विभिन्न संगठनों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान फैंसी बाजार पुलिस चौकी की नई प्रभारी छायानिका मेधी का भी विशेष सम्मान किया गया।
अंत में युवा भारती के संयोजक विशाल भातरा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में आदर्श शर्मा, कुमार गौरव, आदित्य सिकरिया, प्रियंक जालान, अजय मोर, कमल शर्मा, मनोज जालान, नरेश पिंचा, विनोद सैनी, चंदन पारीक, भूपेंद्र शर्मा, सुमित डीडवानिया, राकेश भातरा सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।

