नव्या लेडीज क्लब की संवेदनशील पहल, सात दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर लगवाकर दी नई राह
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 9 जून। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय नव्या लेडीज क्लब ने एक सराहनीय मानवीय पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सात जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर उपलब्ध करवाकर उनके जीवन में नई आशा का संचार किया। जीएमसी रोड स्थित श्री महावीर विकलांग सहायता समिति में विशेषज्ञों की देखरेख में सभी लाभार्थियों को सफलतापूर्वक कृत्रिम पैर लगाए गए।
कृत्रिम पैर लगने के बाद जब लाभार्थी पुनः अपने पैरों पर खड़े हुए तो उनके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर उन्होंने नव्या लेडीज क्लब के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता ने उनके जीवन को नई दिशा दी है और अब वे अधिक आत्मनिर्भर होकर अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे।
इस सेवा प्रकल्प का सफल संचालन क्लब की सदस्य संगीता बाजोरिया के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की अध्यक्ष रितु सराफ, सचिव रूपाली हिम्मतसिंहका, कोषाध्यक्ष मनीषा मोदी, सुनीता केड़िया, अनुभी जैन, शीतल जालान, सुमी अग्रवाल, संगीता बाजोरिया, रचना अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, नीता गोयनका, शिवानी अग्रवाल, सारिका गुप्ता, नीतू बुखरेड़िया, कुसुम जैन एवं निवा सराफ सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
अध्यक्ष रितु सराफ ने कहा कि नव्या लेडीज क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की सहायता के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करती रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने क्लब की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण बताया।

