भक्ति और श्रद्धा के माहौल में संपन्न हुआ नगांव दुर्गा मंदिर का स्थापना दिवस समारोह

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव की अधिष्ठात्री देवी के रूप में विख्यात नगांव दुर्गा मंदिर का स्थापना दिवस समारोह श्री कृष्णाश्रम शिव मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में जय अंबे सत्संग समिति के तत्वावधान में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक पंडाल एवं पुष्प सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया तथा माता रानी का विशेष श्रृंगार किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मोहित बंका एवं कृष्णा बंका द्वारा सपत्नीक विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात समिति की महिला सदस्याओं ने अखंड कीर्तन का आयोजन किया। इस दौरान कांता भरतिया, यशोदा माहेश्वरी, मीना धाणीवाल, तुलसी बंका, उमा चौधरी, लक्ष्मी बिदासरिया, लता शोभासरिया, हर्षदा सोलंकी, राजू धानुका, बबीता शर्मा, मंजू शर्मा, पूर्णिमा देवी मोर, मंजू शोभासरिया, उषा देवी पोद्दार, सुलोचना तोदी, मंजू खेतावत, उर्मिला सिंह, प्रमिला अग्रवाल, इंदु देवी अग्रवाल और राजू देवी गिनोड़िया सहित जय अंबे सत्संग समिति की सभी महिला सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

दोपहर तीन बजे से आयोजित विशेष भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक अरुण नागरका ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर आमंत्रित कलाकार स्नेहा शर्मा, दीपिका वर्मा, आदित्री पाल, पत्रकार अजय महतो, यतिन्द्र उपाध्याय, अनिल प्रजापत तथा मुकेश पोद्दार ने भी माता के भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। सभी कलाकारों का फुलाम गमछा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

सायंकाल छह बजे माता रानी को गजरा एवं चुनरी अर्पित करने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पायल दुग्गड़ एवं प्रकृति अग्रवाल ने नृत्य प्रस्तुति दी, वहीं समिति की सदस्याओं ने भी नृत्य के माध्यम से माता को चुनरी अर्पित की। इस कार्यक्रम में गायन की जिम्मेदारी समिति के अध्यक्ष मुकेश पोद्दार एवं अरुण नागरका ने निभाई।

समारोह के दौरान माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किए गए तथा प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच छप्पन भोग का वितरण किया गया। शाम सात बजे संध्या आरती के साथ स्थापना दिवस समारोह का विधिवत समापन हुआ।

जय अंबे सत्संग समिति के अध्यक्ष मुकेश पोद्दार ने कार्यक्रम की सफलता के लिए समिति की सभी सदस्याओं, कलाकारों एवं समाज के सभी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जय अंबे सत्संग समिति द्वारा दुर्गा मंदिर का स्थापना दिवस स्थापना काल से ही निरंतर आयोजित किया जाता रहा है।

यह जानकारी समिति के अध्यक्ष मुकेश पोद्दार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *