चिन्मय विद्यालय में लायंस गौहाटी ने किया निःशुल्क हेलमेट वितरण, ‘बच्चों की सुरक्षा, भविष्य की रक्षा’ अभियान के तीसरे चरण में 100 से अधिक बच्चों को मिला निःशुल्क किड्स हेलमेट
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 10 जून। सड़क सुरक्षा के प्रति बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गौहाटी द्वारा चलाए जा रहे ‘बच्चों की सुरक्षा, भविष्य की रक्षा’ अभियान के तहत बुधवार को निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का तीसरा चरण आयोजित किया गया। क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि अध्यक्ष राजेश हंसारिया के नेतृत्व में यह कार्यक्रम छह माइल स्थित गजेन्द्रनाथ तालुकदार चिन्मय विद्यालय में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों के बीच निःशुल्क किड्स हेलमेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दोपहिया वाहन पर यात्रा के दौरान हेलमेट के महत्व को समझाना है।
लायंस क्लब ऑफ गौहाटी के पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। हेलमेट का नियमित उपयोग दुर्घटनाओं के दौरान गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी सोच के साथ क्लब इससे पहले मांगा घर स्थित हिंदुस्तानी केंद्रीय विद्यालय तथा हो कुछ स्थित एनपीएस इंटरनेशनल स्कूल में भी डेढ़ सौ से अधिक बच्चों के बीच निशुल्क हेलमेट बांट चुका है। इस दौरान सबसे बड़ी बात सामने यह आई की स्कूल के शिक्षकों से लेकर अभिभावकों ने लेंस को हाथी की इस पहल की खुले दिन से सरहना करते हुए इसे किसी भी सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए गए सर्वश्रेष्ठ कार्यों में से एक बताया।
क्लब लगातार विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों को हेलमेट उपलब्ध कराने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रहा है।
विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से सड़क सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ने बताया कि ‘बच्चों की सुरक्षा, भविष्य की रक्षा’ अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के विभिन्न विद्यालयों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक बच्चों तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा।
इस मौके पर लायंस जिलापाल (निर्वाचित) मनोज भजनका, कार्यक्रम संयोजक तथा दानदाता श्रवण सरावगी, शशि सरावगी, अध्यक्ष राजेश हंसारिया, सचिव नरेश अग्रवाल, लायंस आई हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रकाश सिकरिया, दीपक मित्तल, भारत चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

