नगांव पुलिस का बड़ा प्रहार: डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक लग्जरी कार भी जब्त कर ली गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह गुप्त सूचना के आधार पर नगांव पुलिस ने बरघाट पुलिस चौकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-36 पर विशेष अभियान चलाया। सूचना मिली थी कि सिलचर से जुरिया के शिंगीमारी क्षेत्र में एक लग्जरी कार के माध्यम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ पहुंचाया जा रहा है।

पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार की सीट के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त चैंबर से साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 750 ग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस ने इस मामले में मोरीगांव जिले के मोइराबारी निवासी इलियास अहमद, नगांव जिले के जुरिया-शिंगीमारी निवासी इनामुल हक तथा धिंग निवासी नजरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई कार (एएस-01-डीबी-8800) को भी जब्त कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी वाहन में विशेष गुप्त चैंबर बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी करते थे, ताकि पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। पुलिस को संदेह है कि ये तस्कर जुरिया के शिंगीमारी क्षेत्र को केंद्र बनाकर नगांव और मोरीगांव जिलों में सक्रिय खुदरा कारोबारियों के माध्यम से नशीले पदार्थों का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। बरघाट बाइपास का उपयोग कथित रूप से तस्करी के प्रमुख मार्ग के रूप में किया जा रहा था।

नगांव पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, उन्हें वित्तीय सहयोग किसने दिया तथा तस्करी के इस पूरे गिरोह की जड़ें कहां तक फैली हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *