शिवसागर के दुर्गम बाढ़ प्रभावित गांवों तक पहुंचा असम रौनियार वैश्य समाज, जरूरतमंदों को बांटी राहत सामग्री
लखीमपुर, 27 जुलाई। असम में आई भीषण बाढ़ के बीच असम रौनियार वैश्य समाज ने सेवा और मानवता का परिचय देते हुए शिवसागर जिले के दुर्गम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत अभियान चलाया।
समाज के कार्यकर्ताओं ने दिशानमुख से लगभग 15 किलोमीटर अंदर स्थित बाढ़ग्रस्त गांवों तक पहुंचकर प्रभावित परिवारों को राशन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की। कठिन परिस्थितियों के बावजूद राहत दल ने जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाकर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी असम रौनियार वैश्य समाज ने कामाख्या मंदिर में आयोजित अंबुबाची मेले के दौरान विशाल लंगर का आयोजन कर हजारों श्रद्धालुओं की सेवा की थी।
समाज के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रवण प्रसाद गुप्ता ने असम प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रपति गुप्ता तथा पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके मानवीय प्रयासों की प्रशंसा की।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और भविष्य में भी राहत एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

