लायंस क्लब ऑफ नगांव रॉयल का भव्य पदस्थापना एवं चार्टर नाइट समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व

नगांव से जयप्रकाश सिंह

लायंस क्लब ऑफ नगांव रॉयल के पदस्थापना एवं नवगठित क्लब के चार्टर नाइट (उद्घाटन) समारोह का आयोजन नगांव ग्रेटर लायंस सेवा केंद्र में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322डी के निवर्तमान जिला गवर्नर ललित कुमार कोठारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मंच पर मुख्य अतिथि के साथ जिला जीएमटी कोऑर्डिनेटर नीता अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पार्थ सारथी बरुआ, जोन चेयरपर्सन आकाश खदरिया एवं अजय मित्तल, क्लब सचिव कुसुम सेठिया तथा क्लब कोषाध्यक्ष सुनीता खेतान उपस्थित रहे।

समारोह की अध्यक्षता लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर की अध्यक्ष डॉ. कंचन बाला बोरा ने की, जबकि कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अनिल शर्मा ने किया। स्वागत भाषण में डॉ. बोरा ने कहा कि नगांव में एक नए लायंस क्लब के गठन से समाज सेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब ऑफ नगांव रॉयल का गठन लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर के प्रायोजन में किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आशीष सोलंकी ने इनवोकेशन पाठ तथा रेणु बरुआ ने फ्लैग सैल्यूट का दायित्व निभाया। इसके बाद सभी अतिथियों का पारंपरिक फुलाम गमोसा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि ललित कुमार कोठारी ने अध्यक्ष बंकट अग्रवाल के नेतृत्व में लायंस क्लब ऑफ नगांव रॉयल के सभी सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदस्यों को न्यू मेंबर किट एवं लैपल पिन भी प्रदान किए गए।

इसके पश्चात क्लब की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। बंकट अग्रवाल ने अध्यक्ष, मनीष माहेश्वरी ने सचिव तथा मुकेश अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने दायित्वों की शपथ ली।

समारोह के दौरान क्लब के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले क्लब एक्सटेंशन ऑफिसर दिलीप अग्रवाल तथा लियो लायन पुलकित कोठारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ हिंदी पत्रकार अजीत माहेश्वरी को भी पत्रकारिता एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

निवर्तमान जिला गवर्नर ललित कुमार कोठारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं पूर्व जिला गवर्नर बिजय कुमार मंगलुनिया ने डॉ. आकाशी हजारिका को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में क्लब के नवनियुक्त सचिव मनीष माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में लायंस क्लब के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *