आसाम धर्मशाला के 27वें निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर का शुभारंभ, सावन भर मिलेगी हजारों श्रद्धालुओं को नि:शुल्क सेवा

थर्ड आई न्यूज

हरखाड़ (बांका), 30 जुलाई। बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवड़ियों की सेवा के संकल्प के साथ हरखाड़ स्थित आसाम धर्मशाला (गुढ़ियारी नदी के समीप) में आयोजित 27वें नि:शुल्क कांवड़िया सेवा शिविर-2026 का गुरुवार सायंकाल श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में विधिवत शुभारंभ हुआ।

सेवा शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत तथा हरखाड़ ग्राम के मुखिया प्रमोद मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि मां कामाख्या की पावन धरती असम से आकर पिछले 27 वर्षों से बाबा बैद्यनाथ के श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा करना अत्यंत प्रेरणादायी और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है तथा बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी सेवादारों और आयोजकों पर बनी रहे। उन्होंने भविष्य में भी इस सेवा कार्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आसाम धर्मशाला द्वारा पिछले 27 वर्षों से लगातार संचालित इस सेवा अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

सेवा शिविर के संचालक राम अवतार सिखवाल ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, दानदाताओं और सेवादारों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का महायज्ञ है।

सह-संचालक माखन लाल अग्रवाल एवं संदीप शर्मा ने अतिथियों का पारंपरिक असमिया गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया।

धर्मशाला के अध्यक्ष सुशील गोयल ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किए और सेवा, सहयोग तथा सामाजिक समर्पण को जीवन का सर्वोच्च आदर्श बताया।

कार्यक्रम का संचालन समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका ने किया। उन्होंने सेवा शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, दानदाताओं, सेवादारों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर धर्मशाला के सलाहकार महेंद्र कुमार मित्तल, ऋषि गुप्ता, सह सचिव सूरज सिंघानिया, दीपचंद गर्ग, कार्यकारी सदस्य विकास जैन, भीष्म गुप्ता, प्रभाष अग्रवाल, संजय गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, सेवादार और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आसाम धर्मशाला का यह नि:शुल्क सेवा शिविर पूरे सावन मास तक संचालित रहेगा। शिविर में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों कांवड़ियों के लिए विश्राम, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, नींबू चाय, नींबू शिकंजी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। पिछले 27 वर्षों से निरंतर संचालित यह सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और समर्पण की एक प्रेरणादायी परंपरा के रूप में स्थापित हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *