‘सिंधारा’ संध्या में सजी परंपरा और संस्कृति की छटा, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड की ओर से क्रिश्चियन बस्ती स्थित होटल ऑसम पैलेस में आयोजित ‘सिंधारा’ संध्या में परंपरा, संस्कृति और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला। रंगारंग प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के बीच क्लब की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सिंधारा उत्सव मनाया।

कार्यक्रम का संयोजन प्रीति अग्रवाल, रेनू लाहोटी, पूजा अग्रवाल और ममता सराफ ने संयुक्त रूप से किया। सिंधारा की पारंपरिक भावना को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में आधुनिक मनोरंजन को भी शामिल किया गया।

इस अवसर पर ‘सिंधारा क्वीन्स’ का चूड़ियों, सुगंधित इत्र और सिंदूर के साथ पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। मेहमानों के लिए नेल आर्ट की विशेष व्यवस्था भी की गई थी, जिसका महिलाओं ने भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद क्लब अध्यक्ष अनुपम अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ खेतावत ने मुख्य अतिथि प्रीति भजांका और विशिष्ट अतिथि पायल चड्ढा का अभिनंदन किया। अतिथियों एवं क्लब पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

संध्या के दौरान नृत्य, लाइव गीत-संगीत और देसी फैशन शो सहित कई रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मनोरंजक खेलों में भी सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तंबोला विशेष आकर्षण रहा।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सोलो रील मेकिंग प्रतियोगिता रही। प्रतिभागियों ने पहले से तैयार रचनात्मक रीलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर सदस्याओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का समापन स्वादिष्ट व्यंजनों और आपसी मेल-जोल के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि सिंधारा जैसे आयोजन पारंपरिक उत्सवों को जीवंत बनाए रखने के साथ क्लब सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *