‘राखी स्नेह सूत्र’ मेले में सजा खरीदारी का संसार, छोटे व्यवसायियों को मिला मंच

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और रक्षाबंधन की भावना को समर्पित राष्ट्रीय सामाजिक विकास समिति की ओर से 13 अगस्त को छत्रीबाड़ी स्थित ब्राह्मण भवन में ‘राखी स्नेह सूत्र 0.3’ मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रकार के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की।

‘रिश्तों का उत्सव, अपनत्व का संगम’ थीम पर आयोजित मेले का शुभारंभ सुबह 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समिति की चेयरपर्सन संतोष शर्मा, संस्थापक अध्यक्ष मीनू दुधोड़िया, अतिथि कंचन पोद्दार और विशिष्ट अतिथि विमल कोचर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

मेले में राखियों के साथ कपड़े, ज्वेलरी, बेडशीट, होम डेकोर, घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित कई तरह के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। रक्षाबंधन और त्योहारी खरीदारी को ध्यान में रखते हुए सजाए गए स्टॉल दिनभर आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

आयोजकों ने बताया कि मेले का उद्देश्य शहरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध कराने के साथ छोटे व्यवसायियों और उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने तथा ग्राहकों तक पहुंचने के लिए बेहतर मंच देना है।

आयोजन को सफल बनाने में समिति की अध्यक्ष सारिका अग्रवाल, सचिव पूजा शर्मा, कोषाध्यक्ष पिंकी बैंगानी, सलाहकार संगीता बड़जात्या, उपाध्यक्ष पिंकी जैन, सह सचिव सुनीता वर्मा सहित मंजू वर्मा, दीपिका अग्रवाल, खुशबू मोर तथा समिति की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

आयोजकों ने मेले में पहुंचे शहरवासियों, स्टॉल संचालकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने ‘राखी स्नेह सूत्र 0.3’ को खरीदारी के साथ आपसी जुड़ाव और उत्सव का भी मंच बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *