श्री गौहाटी गौशाला में 4 सितंबर को मनेगा भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव,रांची के भजन गायक मदन सोनी सजाएंगे भजनों की महफिल, अलौकिक श्रृंगार और छप्पन भोग होंगे आकर्षण
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 2 सितंबर। आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला के नवनिर्मित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। रात 9 बजे से शुरू होने वाले महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण का अलौकिक श्रृंगार, भजन संध्या, महाआरती, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और छप्पन भोग विशेष आकर्षण रहेंगे।
जन्माष्टमी के अवसर पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे और मध्यरात्रि में श्रद्धालु भगवान के जन्म की खुशियां मनाएंगे।
महोत्सव में झारखंड के रांची से भजन गायक मदन सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे अपने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति से श्रीकृष्ण की आराधना करेंगे। आयोजकों के अनुसार भजन संध्या से लेकर जन्मोत्सव तक मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा।
श्री गौहाटी गौशाला ट्रस्ट के चेयरमैन कैलाश चंद लोहिया और अध्यक्ष रमेश गोयनका ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वातावरण में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक कुमार धानुका ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने गुवाहाटी एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से 4 सितंबर को श्री राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचकर जन्मोत्सव में शामिल होने और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
महोत्सव की तैयारियों में श्री गौहाटी गौशाला के सदस्य और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

