होजाई में 21 सितंबर को होगा बाबा रामदेव दशमी महोत्सव
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुन्दड़ा
होजाई के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में आगामी 21 सितंबर को बाबा रामदेव दशमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। बाबा रामदेव दशमी महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
समिति के अनुसार, प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर स्थित बाबा रामदेव के मंडप में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दशमी महोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुरोहित सुनील शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई जाएगी तथा महाज्योत प्रज्वलित की जाएगी।
पूजा-अर्चना के बाद आमंत्रित भजन गायक विशाल बजाज द्वारा बाबा रामदेव के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजन संध्या के पश्चात महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्य राजेश केजरीवाल, प्रमोद मोर सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।

