लखीमपुर में सोनोवाल कछारी स्वायत्त शासित परिषद चुनाव की तैयारी तेज, तीन समष्टियों की प्रारूप मतदाता सूची जारी
थर्ड आई न्यूज़
बाबू देव पांडे की रिपोर्ट
लखीमपुर, 2 सितंबर। सोनोवाल कछारी स्वायत्त शासित परिषद के आगामी चुनाव की तैयारियों के तहत लखीमपुर जिले की तीन समष्टियों के लिए प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस संबंध में जिला उपायुक्त प्राणवजीत काकोटी की अध्यक्षता में जिला उपायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
असम राज्य चुनाव आयोग के पत्र संख्या SEC.53/2025/99, दिनांक 14 अगस्त, 2026 के निर्देश के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।
जिला उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, लखीमपुर जिले के अंतर्गत आने वाली तीन समष्टियों में कुल 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीनों समष्टियों को मिलाकर कुल 13,021 मतदाता हैं।
समष्टिवार मतदाताओं का विवरण इस प्रकार है—
25-बिहपुरिया समष्टि: 11 मतदान केंद्रों में कुल 4,282 मतदाता, जिनमें 2,085 पुरुष और 2,197 महिला मतदाता शामिल हैं।
26-तेलाही-केकुरी समष्टि: 11 मतदान केंद्रों में कुल 4,266 मतदाता, जिनमें 2,162 पुरुष और 2,104 महिला मतदाता हैं।
27-बगीनदी समष्टि: 13 मतदान केंद्रों में कुल 4,473 मतदाता, जिनमें 2,209 पुरुष और 2,264 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने आम जनता से प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। मतदाता सूची संबंधित निर्वाचन पंजीयक अधिकारी, राजस्व चक्र अधिकारी, ग्राम पंचायत कार्यालय तथा जिला उपायुक्त कार्यालय में उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा सूची असम राज्य चुनाव आयोग के ओईआरएमएस पोर्टल पर भी उपलब्ध है, जहां मतदाता अपना नाम देख सकते हैं।
जिला प्रशासन ने कहा कि आगामी परिषद चुनाव को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां लगातार की जा रही हैं।

