जोरहाट में कल पहुंचेगी ‘स्वर्वेद संदेश यात्रा’, थियेटर हॉल में होगा विशेष कार्यक्रम, संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज के प्रवचन का मिलेगा लाभ

थर्ड आई न्यूज

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल

जोरहाट। विहंगम योग संत-समाज के 103वें वार्षिकोत्सव ‘समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव’ के उपलक्ष्य में जोरहाट में आध्यात्मिक कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में ‘कन्याकुमारी से कश्मीर स्वर्वेद संदेश यात्रा’ 30 अक्टूबर को जोरहाट पहुंचेगी। इस अवसर पर जे.बी. रोड स्थित जोरहाट थियेटर हॉल (शंकर सिनेमा हॉल के निकट) में सुबह 11 बजे से विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज की दिव्य वाणी सुनने का अवसर मिलेगा।

‘आत्म जागरण से राष्ट्र जागरण’ के संदेश के साथ निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य आगामी 14 एवं 15 दिसंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम में आयोजित होने वाले 25,000 कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का प्रचार-प्रसार करना और लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना है।

आयोजकों के अनुसार, विहंगम योग के प्रणेता अनंत श्री सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज ने वर्ष 1924 में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के पकड़ी ग्राम स्थित वृत्तिकूट आश्रम में लक्ष्याहुति यज्ञ के पश्चात संत-समाज की स्थापना की थी। इसी की स्मृति में प्रत्येक वर्ष वार्षिकोत्सव मनाया जाता है।

वाराणसी में निर्मित हो रहे विशाल साधना केंद्र ‘स्वर्वेद महामंदिर धाम’ के प्रांगण में आयोजित होने वाले 25,000 हवन-कुंडों के इस वैदिक महायज्ञ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

संत-समाज ने जोरहाट और आसपास के सभी धर्मप्रेमियों से 30 अक्टूबर को आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम में उपस्थित होकर संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज के प्रवचन का लाभ लेने तथा दिसंबर में होने वाले महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *