लखीमपुर में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू, सुंदरी नदी घाट पर सजेगा सूर्यदेव का भव्य दरबार
थर्ड आई न्यूज
13 से 16 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय आयोजन, शोभायात्रा, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
लखीमपुर, 29 अक्टूबर। उत्तर लखीमपुर स्थित सुंदरी नदी छठ घाट पूजा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी श्री श्री सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। महापर्व को लेकर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर सुंदरी नदी घाट पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा।
समिति के अनुसार, इस वर्ष महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में सूर्यदेव का सुसज्जित रथ, श्रृंगार प्रतिमा, संध्या गंगा आरती तथा छठ घाट की आकर्षक विद्युत सजावट शामिल हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
चार दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान :
छठ महापर्व का चार दिवसीय कार्यक्रम निम्नानुसार रहेगा—
- 13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय।
- 14 नवंबर, शनिवार: खरना।
- 15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य।
- 16 नवंबर, सोमवार: प्रातःकालीन अर्घ्य एवं पारण।
15 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा :
आयोजन के तहत 15 नवंबर को सुबह 9 बजे पंजाब होटल से एन.टी. रोड होते हुए छठ घाट तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन शाम 5:30 बजे संध्या गंगा आरती का आयोजन होगा। इसके बाद रात 9 बजे से देर रात 1 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
बैठने की व्यवस्था के लिए कूपन वितरण :
छठ घाट पर श्रद्धालुओं के क्रमबद्ध बैठने की व्यवस्था के लिए शुल्क आधारित कूपन उपलब्ध कराए जाएंगे। समिति के अनुसार, 1 से 8 नवंबर तक सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा 9 से 12 नवंबर तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक छठ घाट स्थित हिंदी विद्यालय से कूपन प्राप्त किए जा सकेंगे।
समिति की ओर से श्रद्धालुओं से महोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।

