गोपाष्टमी मेले में सजेगी कवियों की महफिल, 16 नवंबर को देश के नामचीन कवि बांधेंगे समां
थर्ड आई न्यूज़
आठगांव गौशाला में 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय मेला, बच्चों के लिए झूले, खानपान और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था
गुवाहाटी, 12 नवंबर। महानगर के आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में आगामी 15 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले में इस बार भक्ति, संस्कृति, साहित्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले का प्रमुख आकर्षण 16 नवंबर, सोमवार को शाम 7:30 बजे से आयोजित होने वाला भव्य कवि सम्मेलन होगा। इसमें देश के ख्यातिप्राप्त कवि डॉ. प्रवीण शुक्ला, अनिल रघुवंशी, सुदीप भोला और डॉ. भुवनी मोहन अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
श्री गौहाटी गौशाला की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला गोपाष्टमी मेला महानगर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। 110 वर्षों से अधिक पुरानी इस संस्था के पारंपरिक मेले में इस बार भी श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, खिलौने, खानपान के स्टॉल, हस्तशिल्प और खरीदारी की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आयोजकों का प्रयास है कि परिवार के सभी आयु वर्ग के लोग मेले का भरपूर आनंद उठा सकें।
गौशाला के ट्रस्टी बोर्ड के चेयरमैन कैलाश चंद लोहिया ने कहा कि गोपाष्टमी मेला हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौसेवा की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को मेले में अवश्य लेकर आने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गौसेवा के महत्व से परिचित कराया जा सकता है।
गौशाला के ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक कुमार धानुका ने कहा कि बदलते समय में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक हो गया है। गोपाष्टमी मेला बच्चों को गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण की भावना से परिचित कराने का अच्छा अवसर प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि मेले को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
गौशाला के अध्यक्ष रमेश गोयनका ने शहरवासियों से सपरिवार मेले में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी मेला धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक मेलजोल और सामाजिक एकता का भी उत्सव है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर गौसेवा के इस आयोजन में सहभागी बनने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं और आगंतुकों के स्वागत के लिए गौशाला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। आयोजन स्थल पर पंडाल, खानपान, मनोरंजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। मेले को सफल बनाने के लिए गौशाला की कार्यकारिणी समिति तथा विभिन्न उपसमितियों के संयोजक अपनी-अपनी टीमों के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

