लखीमपुर में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर प्रशासन की बैठक, घाटों पर सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के होंगे इंतजाम
थर्ड आई न्यूज
15 और 16 नवंबर को मनाया जाएगा कार्तिक छठ महापर्व, जिले के करीब 10 नदी घाटों पर होंगे आयोजन
लखीमपुर, 12 नवंबर। आगामी कार्तिक छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से लखीमपुर जिला प्रशासन ने गुरुवार को छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिला उपायुक्त कार्यालय के सभागार में शाम 4 बजे जिला उपायुक्त प्रणजीत काकोटी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनिंदर डेका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिले की छठ घाट पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी कार्तिक छठ महापर्व 15 एवं 16 नवंबर को निर्धारित घाटों पर पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन ने सभी छठ घाट समितियों को घाटों की साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त रोशनी तथा नदी की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर स्थायी दुकानें लगाने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, पूरे लखीमपुर जिले में करीब 10 नदी घाटों पर छोटे-बड़े स्तर पर छठ पूजा का आयोजन किया जाता है। इनमें बिहपुरिया, बंदरदेवा, दिक्रांग नदी घाट, पहुमारा, रंगानदी घाट, जोगिंग, कोइलामारी, सुंदरी नदी घाट (खेलमाटी, उत्तर लखीमपुर), सुवनश्री नदी घाट और ढकुआखाना प्रमुख हैं। बैठक में उत्तर लखीमपुर सुंदरी नदी छठ घाट पूजा समिति (खेलमाटी), रेलवे कॉलोनी सुंदर घाट और जोगिंग बाजार छठ पूजा समिति के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
समितियों की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों पर जिला प्रशासन ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा बलों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।
जल वितरण विभाग को नदी के पानी की स्वच्छता के लिए आवश्यक उपाय करने तथा ब्लीचिंग पाउडर के इस्तेमाल की व्यवस्था सौंपी गई है। बिजली विभाग को घाटों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और नगरपालिका को सफाई व्यवस्था के साथ पर्याप्त डस्टबिन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
महिलाओं की सुविधा और सहायता को ध्यान में रखते हुए सभी छठ पूजा समितियों को महिला स्वयंसेविकाओं को शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी स्वयंसेवकों की सूची पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि पर्व के दौरान बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्था संचालित की जा सके।
बैठक के अंत में उत्तर लखीमपुर सुंदरी नदी छठ पूजा समिति की ओर से सभी व्रतधारियों को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं। समिति ने पर्व के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।

