‘हारमनी-2026’ में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल का दो दिवसीय वार्षिक समारोह संपन्न, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 13 नवंबर। महानगर के नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल का दो दिवसीय वार्षिक समारोह ‘हारमनी-2026’ शुक्रवार को गौहाटी विश्वविद्यालय के बीकेबी सभागार में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने अपनी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। शास्त्रीय, भक्तिमय और लोक नृत्यों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और आकर्षक प्रस्तुतियों पर सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में असम राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के चेयरमैन श्यामल प्रसाद सैकिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रदीप कुमार जैन, निवर्तमान अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल, सचिव किशन कुमार लोहिया, कोषाध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल, संयुक्त सचिव संजय केडिया एवं रतन गोयनका, प्रधानाचार्या रीना भौमिक तथा उपप्रधानाचार्या शरवरी दास सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि श्यामल प्रसाद सैकिया ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वार्षिक समारोह जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रदीप कुमार जैन ने अपने संबोधन में पिछले वर्षों के दौरान शिक्षा, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया। निवर्तमान अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। इससे पूर्व प्रधानाचार्या रीना भौमिक ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा उपलब्धियों को दर्शाती विशेष पावरपॉइंट प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को वार्षिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने अपनी नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर साकार किया। बच्चों के उत्साह और उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय की उपप्रधानाचार्या शरवरी दास के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

