हेलमेट नहीं पहनने पर बार-बार पकड़े गए तो रद्द हो सकता है ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीकरण
थर्ड आई न्यूज
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की सख्त चेतावनी, दोपहिया वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य
गुवाहाटी, 18 नवंबर। असम में अब हेलमेट नहीं पहनकर दोपहिया वाहन चलाना केवल जुर्माना भरने तक सीमित नहीं रह सकता। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने चेतावनी दी है कि हेलमेट संबंधी नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। इतना ही नहीं, उनके वाहनों का पंजीकरण (आरसी) भी रद्द किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात सोशल मीडिया पर एक सख्त संदेश जारी करते हुए कहा कि हेलमेट नहीं पहनने को अब केवल जुर्माने से दंडित किए जाने वाला सामान्य यातायात उल्लंघन नहीं समझना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस की जांच से बचने के लिए केवल दिखावे के तौर पर हेलमेट न पहनें, बल्कि इसकी अहमियत समझें, क्योंकि हेलमेट उनकी जान बचा सकता है।
सड़क सुरक्षा और दोपहिया वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने एक हालिया रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों में से 60.1 प्रतिशत ने हेलमेट नहीं पहना था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हेलमेट पहनने का नियम केवल वाहन चालक पर ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले यात्री पर भी लागू होता है। उन्होंने लोगों से क्षणिक रोमांच या उत्साह के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मोटर वाहन कानूनों को लागू करने वाली एजेंसियों को हेलमेट नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार नियम तोड़ने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस अथवा वाहन पंजीकरण रद्द किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार को राज्यभर में चलाया गया विशेष जांच अभियान केवल शुरुआत है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं इन प्रवर्तन उपायों की निगरानी करेंगे।

