जुबीन गर्ग की जयंती पर ‘जुबीन क्षेत्र’ के पहले चरण के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने की घोषणा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 18 नवंबर। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की जयंती के अवसर पर उनके स्मारक ‘जुबीन क्षेत्र’ के निर्माण कार्य के प्रथम चरण को मंजूरी दे दी है। इस चरण के लिए 15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा करते हुए असमिया भाषा में सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि अपने प्रिय जुबीन की जयंती पर आज ‘जुबीन क्षेत्र’ के प्रथम चरण के कार्य को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को जुबीन गर्ग से जुड़ने, उनकी कलात्मक विरासत को अनुभव करने और उनकी रचनाओं से परिचित होने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भावी पीढ़ियां इस स्मारक के माध्यम से गायक की कला और सांस्कृतिक योगदान को समझ सकेंगी तथा उनकी विरासत को आगे बढ़ाएंगी।

पहले चरण के लिए 15 करोड़ रुपये की मंजूरी दिवंगत गायक को स्थायी श्रद्धांजलि देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जुबीन गर्ग के संगीत और असमिया संस्कृति में उनके योगदान की छाप आज भी राज्य सहित देश-विदेश में उनके प्रशंसकों के बीच कायम है।

‘जुबीन क्षेत्र’ को ऐसे स्मारक स्थल के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है, जहां आने वाली पीढ़ियां गायक की रचनात्मक यात्रा, संगीत और सांस्कृतिक योगदान से परिचित हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *