सात विभूतियों को मिला सूर्य षष्ठी दिनेश सिंह कर्मवीर सम्मान, मानवी सिंह और अमन लाडला के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, स्थानीय कलाकारों ने भी दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति की ओर से आयोजित समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात विभूतियों को ‘सूर्य षष्ठी दिनेश सिंह कर्मवीर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नेहरूबाली में आयोजित इस समारोह का संचालन समिति के सांस्कृतिक सचिव रविंद्र साह ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगांव गुरुद्वारा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह साहनी, तपन दास, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजय राणा सिंह, प्रेस क्लब के सभापति जितेन बरकटकी तथा समिति के अध्यक्ष श्यामबाबू साह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद समिति के अध्यक्ष श्यामबाबू साह और कार्यकारी अध्यक्ष वीरेश साहनी ने अतिथियों को फुलाम गमोछा, स्मृति चिह्न, जापी और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए गोलाप सैकिया, स्वराज नाथ, प्रेम नाहटा, धर्मनाथ प्रसाद तथा मरणोपरांत स्वर्गीय लालबाबू सिंह और स्वर्गीय रामचंद्र गिरी गोस्वामी को सम्मान प्रदान किया गया। इनके अलावा शंकर यादव को भी सम्मानित किया गया। श्यामबाबू साह को ‘बेस्ट प्रेसिडेंट’ सम्मान दिया गया, जबकि अंचल कुमारी राय को पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने तथा शंभू दास को श्रेष्ठ घाट प्रमुख के रूप में सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों ने समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति की ओर से कहा गया कि स्वर्गीय दिनेश सिंह समाजसेवा और कर्मनिष्ठा के प्रतीक थे। उनकी स्मृति में ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाता है, जो निःस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रेमचंद चौहान द्वारा संकलित समिति की गतिविधियों पर आधारित एक डिजिटल डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।
समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने धार्मिक नृत्य और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। सोनम चौहान, राकेश सिंह, प्रेमचंद चौहान, साकेत कुमार, अंकज साह, कौशल सिंह और प्राणेश सिंह सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में झारखंड से आए गायिका मानवी सिंह और गायक अमन लाडला ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
समारोह को सफल बनाने में समिति के कोषाध्यक्ष रामाकांत शर्मा, संयुक्त सचिव गणेश गुप्ता, रंजीत शर्मा, किशन साह सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। समिति ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

