क्लस्टर स्तरीय टीएलएम प्रदर्शनी में शिक्षकों ने दिखाई रचनात्मकता, उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कृत
थर्ड आई न्यूज़
पांडु विद्या मंदिर और बोरागांव प्राथमिक विद्यालय में आयोजन, विजेता विद्यालय खंड स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
गुवाहाटी, 23 नवंबर। प्राथमिक शिक्षा को अधिक रोचक, प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पांडु स्थित विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में क्लस्टर स्तरीय शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मालीगांव-1, मालीगांव-2 और मालीगांव-4 क्लस्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी रचनात्मकता और नवाचार का परिचय देते हुए शिक्षण सामग्री प्रदर्शित की।
प्रदर्शनी में साक्षरता (लिटरेसी) और संख्यात्मकता (न्यूमरेसी) की दो श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की गई। शिक्षकों ने विभिन्न प्रकार की शिक्षण सामग्री के माध्यम से बच्चों के लिए भाषा और गणित की बुनियादी अवधारणाओं को सरल एवं रोचक बनाने के तरीके प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में पांडु महाविद्यालय की प्राध्यापिकाओं डॉ. प्रणिता दास, डॉ. चंपा तालुकदार और डॉ. रश्मिरेखा देवी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षकों द्वारा तैयार सामग्री का मूल्यांकन करते हुए उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार, मालीगांव-1 क्लस्टर में साक्षरता श्रेणी में हिंदी विद्या मंदिर एमई स्कूल तथा संख्यात्मकता श्रेणी में एनपी एमई हाईस्कूल ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इसी प्रकार मालीगांव-2 क्लस्टर में साक्षरता श्रेणी में लोकप्रिय बरदलै विद्यालय एमई स्कूल और संख्यात्मकता श्रेणी में लाचित शिशु विद्यालय एलपी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं, मालीगांव-4 क्लस्टर में सुभाष नगर एलपी स्कूल ने साक्षरता और संख्यात्मकता दोनों श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यालय आगामी खंड स्तरीय प्रतियोगिता में अपने-अपने क्लस्टर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बोरागांव में भी शिक्षकों ने प्रदर्शित की नवाचारी शिक्षण सामग्री
इसी क्रम में बोरागांव प्राथमिक विद्यालय में भी बोरागांव-2 और जालुकबाड़ी-2 क्लस्टर के संयुक्त तत्वावधान में टीएलएम प्रदर्शनी आयोजित की गई। बोरागांव-2 की क्लस्टर संसाधन केंद्र समन्वयक (सीआरसीसी) आशा बोरा के संयोजन में आठ प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने अपनी शिक्षण सामग्री प्रदर्शित की।
वहीं, जालुकबाड़ी-2 की सीआरसीसी बंदना बोरा के संयोजन में छह प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रदर्शनी में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। यहां आमबाड़ी फटाशिल के सीआरसीसी रामेश्वर शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई और प्रदर्शित शिक्षण सामग्री का मूल्यांकन किया।
दोनों स्थानों पर आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से शिक्षकों को अपने नवाचारों और शिक्षण अनुभवों को साझा करने का अवसर मिला। साथ ही, प्राथमिक स्तर पर बच्चों की सीखने की क्षमता विकसित करने तथा कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और गतिविधि आधारित बनाने की दिशा में भी यह आयोजन उपयोगी रहा।

