केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगांव में किया आत्म सहायता समूहों के कार्यों का निरीक्षण, महिलाओं को दी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा

थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
केंद्रीय पंचायत और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नगांव जिले के सामागुरी भेलेउगुरी स्थित “कुंहीं टी बार” में आत्म सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के 50 लखपति उद्यमी दीदियों से संवाद कर उनके स्वावलंबी बनने के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री चौहान ने एनआरएलएम (NRLM) समूह की महिलाओं से बातचीत की और पूछा कि किस प्रकार वे अपने समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर हो रही हैं और राज्य सरकार ने उन्हें किन सुविधाओं से लाभान्वित किया है। इस संवाद के दौरान मंत्री ने समूह द्वारा उत्पादित सामग्रियों का निरीक्षण भी किया और कार्यों को देखकर संतुष्टि व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा द्वारा आत्म सहायता समूहों के लिए लागू की गई योजनाओं की सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यह है कि लखपति दीदी किस तरह महा लखपति बने, इसके लिए सभी महिलाओं को आत्म सहायता समूह से जुड़ने का आह्वान किया।”
इस कार्यक्रम में जिला आयुक्त नरेंद्र कुमार शाह और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।