एनई इंडिया होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (निहरा) का गठन, विश्वनाथ गोयनका अध्यक्ष निर्वाचित

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 20 जून।पूर्वोत्तर भारत में होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों की रक्षा और उनके समुचित विकास के उद्देश्य से ‘एनई इंडिया होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन’ (निहरा) का गठन किया गया है। इस नवगठित संस्था की पहली कार्यकारिणी बैठक हाल ही में गुवाहाटी के जीएस रोड स्थित होटल गेटवे ग्रैंड्यूर में आयोजित की गई, जहां संगठन के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।

बैठक में विश्वनाथ गोयनका को अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा अरुण शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, किशन टिबड़ेवाल (शिलांग) को उपाध्यक्ष (प्रथम), नाओबा थांगजाम (इम्फाल) को उपाध्यक्ष (द्वितीय), श्रीमती श्रद्धा शर्मा (गैंगटॉक) को उपाध्यक्ष (तृतीय), त्रिदीब शर्मा को सचिव, परमबीर सिंह सहदेव (शिलांग) को संयुक्त सचिव (प्रथम), सुमित शाहा (अगरतला) को संयुक्त सचिव (द्वितीय), और युवराज शर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष विश्वनाथ गोयनका ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि निहरा पूर्वोत्तर क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान खोजने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सतत कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत में पर्यटन का तेजी से विस्तार हो रहा है और कई अंदरूनी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, जिसे दूर करने की दिशा में यह संगठन प्रभावी भूमिका निभाएगा।

श्री गोयनका ने सिक्किम सहित समस्त पूर्वोत्तर राज्यों के होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों से इस संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने जानकारी दी कि संस्था की वार्षिक सदस्यता शुल्क मात्र 1000 रुपए रखी गई है ताकि अधिक से अधिक सदस्य इससे जुड़ सकें और क्षेत्रीय व्यवसाय को एक सशक्त मंच प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *