भाजपा ने होजाई जिला परिषद में किया परचम लहराया, जुंती बोरा भगवती बनीं अध्यक्ष

थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को जिला मुख्यालय श्रीमंत शंकरदेव नगर में मंत्री पीयूष हजारिका की उपस्थिति में होजाई जिला परिषद का औपचारिक गठन किया। इसमें जुंती बोरा भगवती को अध्यक्ष और सुशीला मालाकार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जुंती बोरा भगवती ने काकी जिला परिषद से निर्विरोध जीत दर्ज की थी।
गठन के बाद मीडिया से बातचीत में जुंती बोरा भगवती ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण बताया और सभी जिलों को समान मानते हुए जनता के हित में मिलजुलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। स्थानीय विधायक रामकृष्ण घोष ने कहा कि भाजपा ने बिना किसी गठबंधन के जिला परिषद का गठन किया है और नए नेतृत्व में विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी।
होजाई जिला परिषद में कुल 12 सदस्य हैं, जिनमें 7 भाजपा और 5 कांग्रेस के हैं। गठन की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, मिठाई बांटकर और रंग-गुलाल खेलकर जीत का उत्सव मनाया। दूसरी ओर, कांग्रेस सदस्यों ने इस गठन को असंवैधानिक बताते हुए नाराजगी जताई।