आज दिन के 11-12 बजे तक पूरा होगा जुबिन के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम, मुख्यमंत्री ने दी जानकारी

थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी/सिंगापुर, 20 सितंबर।
असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। असम के मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि सिंगापुर प्रशासन ने जुबिन गर्ग का पोस्टमार्टम किया जा रहा है , जो भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे (सिंगापुर समय दोपहर 2 बजे) तक संपन्न हो जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को भारतीय अधिकारियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू होगी।
पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट :
सिंगापुर के नियमों के अनुसार, जुबिन गर्ग की पैथोलॉजिकल जांच शनिवार को ही सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल में कर ली गई थी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सभी परीक्षण भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे से 12 बजे तक पूरी तरह संपन्न हो जाएंगे।
स्वदेश वापसी की तैयारी :
इसके बाद सिंगापुर स्थित भारतीय उच्चायोग जुबिन गर्ग के पार्थिव शरीर को भारत लाने की आवश्यक व्यवस्थाएँ करेगा। इसके लिए कई नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी किए जाने की आवश्यकता है। अभी तक विमान की व्यवस्था तय नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, संभव है कि जुबिन का पार्थिव शरीर एक विशेष चार्टर्ड फ्लाइट से पहले दिल्ली लाया जाए, जिसके लिए कम से कम 5–6 घंटे का समय लगेगा।
केंद्र और राज्य का समन्वय :
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने बताया कि सिंगापुर के कानून बेहद सख्त हैं और शव को तभी लाया जा सकेगा जब सभी कानूनी प्रक्रियाएँ और NOC पूरी हो जाएँगी। इसी वजह से यह स्पष्ट नहीं है कि जुबिन गर्ग का पार्थिव शरीर असम कब तक पहुँच पाएगा।
इंतज़ार में प्रशंसक :
पूरे असम और भारत भर में उनके लाखों प्रशंसक और शुभचिंतक जुबिन गर्ग के पार्थिव शरीर की वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हालांकि समय को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें पूरे सम्मान के साथ भारत लाया जाएगा।