alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा द्वारा मेफेयर स्प्रिंग वैली में सफल रक्तदान शिविर, 56 यूनिट रक्त संग्रह

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I दिनांक 6 जनवरी को सोनपुर स्थित मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा द्वारा मारवाड़ी हॉस्पिटल के सहयोग से एक भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान कुल 65 लोगों की रक्त-जांच की गई, जिनमें से 56 योग्य रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर मेफेयर रिसॉर्ट के सदस्यों एवं कर्मचारियों ने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट के निदेशक रतन शर्मा का मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की ओर से फूल एवं गमछा भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। अपने संबोधन में रतन शर्मा ने मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा निरंतर किए जा रहे समाजसेवी कार्यों की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि भविष्य में प्रत्येक तीन माह में यहां कार्यरत कर्मचारियों के लिए नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मेफेयर परिवार, मारवाड़ी सम्मेलन के सेवा कार्यों में सदैव सहयोग करता रहेगा।

मेफेयर टीम की ओर से अरविंद ने कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं रतन शर्मा द्वारा मारवाड़ी हॉस्पिटल की पूरी टीम का भी हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस रक्तदान शिविर का सफल आयोजन संयोजक राजेश भजन एवं विनोद कुमार जिंदल के अथक प्रयासों से संभव हो सका। कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला एवं मंत्री सूरज सिंघानिया की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके सक्रिय सहयोग से आयोजन और भी प्रभावशाली बना।

मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा समाजसेवा से जुड़े ऐसे मानवीय और जीवनदायी कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *