लायंस क्लब ऑफ रूट्स द्वारा ऑनलाइन साइबर फ्रॉड जागरूकता पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I लायंस क्लब ऑफ रूट्स की ओर से गत 8 फरवरी को जू रोड स्थित स्पैनिश गार्डन में ऑनलाइन साइबर फ्रॉड जागरूकता कार्यक्रम विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग तथा स्पैनिश गार्डन वेलफेयर सोसाइटी के समर्थन से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष हनुमान अग्रवाला, उपाध्यक्ष संजीव चौधरी, सचिव अरुण पोद्दार सहित क्लब के अन्य विशिष्ट सदस्य एवं स्पैनिश गार्डन सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे। संगोष्ठी का उद्देश्य समाज में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों के प्रति लोगों को जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी देना रहा।
आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों गांगुली और मृणाल शर्मा ने उपस्थित लोगों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, जैसे फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, लिंक फ्रॉड, फिशिंग, ऑनलाइन ठगी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी आम जनता के हित में इस तरह के और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोग साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की अपील की।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">