alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

नगांव में नए इनडोर स्टेडियम का उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने खिलाड़ियों को समर्पित किया

थर्ड आई न्यूज

नगांव (जयप्रकाश सिंह): नगांव शहर के नगांव बंगाली हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में राज्यसभा सांसद क्षेत्र विकास निधि से निर्मित नए इनडोर स्टेडियम का उद्घाटन केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरीटा ने किया। इस अवसर पर नगांव–बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

जानकारी के अनुसार नगांव डॉसन उच्चतर माध्यमिक एवं बहुमुखी विद्यालय तथा नगांव बंगाली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में गैलरी और इनडोर स्टेडियम का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। हाल ही में स्टेडियम की गैलरी का उद्घाटन किया गया था और अब इनडोर स्टेडियम भी खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय राज्य बंद, सड़क जाम और उग्रवाद जैसी समस्याओं से जूझता था, लेकिन आज असम तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों में न तो उग्रवादियों के हाथों किसी व्यक्ति की मौत हुई है और न काजीरंगा नेशनल पार्क के गैंडों के शिकार की घटना सामने आई है।

उन्होंने यह भी कहा कि जो असम कभी अशांति के लिए जाना जाता था, वहां अब टाटा सेमीकंडक्टर जैसी बड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व में बटद्रवा थान की भूमि पर अवैध कब्जा था, जिसे वर्तमान सरकार ने अतिक्रमण मुक्त कराकर बटद्रवा परियोजना को आगे बढ़ाया।

विधायक रूपक शर्मा के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगभग 30 वर्ष पहले ‘बसंत उत्सव’ कार्यक्रम के बाद मजाक-मजाक में राजनीति में आने की जो बातें हुई थीं, वे आज सच साबित हो गई हैं। उन्होंने कहा कि नगांव शहर अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर विधायक रूपक शर्मा ने कहा कि नगांव क्रीड़ा संघ के नुरुल अमीन स्टेडियम के इनडोर स्टेडियम में जो सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वे अब इस नए स्टेडियम में खिलाड़ियों को मिल सकेंगी। खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस आधुनिक स्टेडियम के निर्माण के लिए निधि उपलब्ध कराने पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा के प्रति आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन समारोह में नगांव पौरसभा के पौरपति अंबिका मजूमदार, नगांव क्रीड़ा संघ के महासचिव तपन दास, समाजसेवी सुवर्ण सिंह सहित कई विशिष्ट व्यक्ति, खेल आयोजक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

इस दौरान पत्रकारों द्वारा विपक्षी नेता गौरव गोगोई और अखिल गोगोई की संभावित राजनीतिक नजदीकियों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस विषय पर चर्चा का कोई लाभ नहीं है, अब असम में विकास की बात होनी चाहिए।

इधर “असम माला 3.0” योजना के तहत उरियागांव से वोटाइगांव होते हुए डिमरुगुड़ी और कचाआली से मोरिकलंग होते हुए बरघाट तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया गया। इसका शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर कचाआली में आयोजित सभा में विधायक रूपक शर्मा मौजूद थे।

इसके अतिरिक्त विधायक रूपक शर्मा ने शेनचोवा पंचायत में नव-निर्मित छह सड़कों का उद्घाटन किया तथा आइवेटी और राइडोंगिया–बटद्रवा पंचायतों में 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *