होजाई के पुरातत्वविद् एवं ‘विश्व धरोहर मित्र’ कृष्ण कुमार सिंह का निधन, जिले में शोक
थर्ड आई न्यूज
होजाई (रमेश मुन्दड़ा) : होजाई जिले के योगीजन राजवाड़ी क्षेत्र के प्रख्यात पुरातत्वविद् और ‘विश्व धरोहर मित्र’ सम्मान से सम्मानित कृष्ण कुमार सिंह का गुरुवार रात लगभग 10:30 बजे उनके आवास पर 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई।
1936 में राजवाड़ी में जन्मे कृष्ण कुमार सिंह ने क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इतिहास और संस्कृति के प्रति उनका समर्पण उल्लेखनीय रहा और उनका जीवन सत्यनिष्ठा, समाजसेवा तथा सांस्कृतिक संरक्षण का प्रतीक माना जाता था। वे पूर्व विधायक और मंत्री साधन रंजन सरकार के बचपन के मित्र भी थे।
‘हमारी माटी-हमारे नायक’ अभियान के अंतर्गत उन्हें विशेष सम्मान से भी नवाजा गया था। 28 जनवरी 2026 को असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उनके राजवाड़ी स्थित निवास पर जाकर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया था। इस अवसर पर विधायक रामकृष्ण घोष, जिला आयुक्त विद्युत विकास भगवती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वी. वी. राकेश रेड्डी सहित कई अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।
शुक्रवार को राजवाड़ी श्मशान घाट में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक शीलादित्य देव और विधायक रामकृष्ण घोष ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कृष्ण कुमार सिंह सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से भी लंबे समय तक जुड़े रहे। वे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, 17 वर्षों तक दक्षिण योगीजन समिति के अध्यक्ष, पुरातत्व शोधकर्ता, अभिनेता (असमिया, मणिपुरी और बांग्ला फिल्मों में), लेखक, स्कूल संस्थापक तथा होजाई कॉलेज संचालन समिति के सदस्य भी रहे। असम सरकार ने उन्हें ‘विश्व धरोहर मित्र’, देकागिरि और साहित्यिक पुरस्कारों से सम्मानित किया था।
वे अपने पीछे दो पुत्र और आठ पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर असम ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन, मणिपुरी साहित्य सभा, होजाई प्रेस क्लब तथा जिला पत्रकार संघ सहित कई संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। होजाईवासी उनके योगदान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में किए गए कार्यों को हमेशा याद रखेंगे।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">