alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

होजाई में भाजपा का बड़ा दांव: शिलादित्य देव को टिकट, समर्थकों में उत्साह की लहर

होजाई से रमेश मुंदड़ा

थर्ड आई न्यूज

असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने होजाई विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक शिलादित्य देव को उम्मीदवार बनाकर अहम राजनीतिक निर्णय लिया है। इस घोषणा के साथ ही क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

घोषणा के बाद होजाई के विभिन्न इलाकों में समर्थकों ने जश्न मनाया। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और नारेबाजी के बीच पार्टी के इस फैसले का स्वागत किया गया। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब राज्य में चुनावी माहौल तेजी से गर्म हो रहा है।

वर्तमान विधायक रामकृष्ण घोष भी टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सड़क निर्माण, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बाढ़ से निपटने के प्रयासों के जरिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी। हालांकि, पार्टी ने इस बार शिलादित्य देव के अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को प्राथमिकता दी है।

शिलादित्य देव वर्ष 2016 से 2021 तक विधायक रह चुके हैं और इसके बाद उन्होंने असम भाषाई अल्पसंख्यक उन्नयन परिषद के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उनके कार्यकाल में छात्रावासों के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने जैसे कई पहल किए गए थे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह फैसला एक ओर जहां अनुभव और संगठनात्मक मजबूती को दर्शाता है, वहीं दूसरी ओर यह पार्टी की समावेशी छवि को भी मजबूत करने का प्रयास है। हालांकि, टिकट वितरण के बाद स्थानीय स्तर पर कुछ असंतोष की स्थिति भी बनी रह सकती है।

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद शिलादित्य देव ने कहा कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर होजाई के विकास को नई दिशा देंगे और आगामी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करेंगे।

अब होजाई विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है, जहां सभी की नजरें आगामी परिणामों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *