alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

मारवाड़ी महिला सम्मेलन और पारीक महिला परिषद ने धूमधाम से मनाया गणगौर महोत्सव, पारंपरिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी । अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, उत्तर गुवाहाटी शाखा एवं पारीक महिला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में गणगौर महोत्सव का भव्य आयोजन कुमारपाड़ा पांचाली स्थित काके दी हट्टी रेस्तरां में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रांतीय अध्यक्ष शीतल सोमानी एवं अतिथि रत्ना सिंह भारद्वाज द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और सम्मेलन की प्रार्थना “हम को मन की शक्ति देना” के साथ हुई। शाखा अध्यक्ष इंदु पारीक ने स्वागत भाषण के माध्यम से सभी अतिथियों और सदस्याओं का अभिनंदन किया। अतिथियों का पारंपरिक बंधेज दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा स्मृति-चिह्न भेंट किए गए।

सचिव राखी गुप्ता और कोषाध्यक्ष गरिमा ब्यास ने अतिथियों के प्रेरणादायक व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक योगदान से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कौशल्या व्यास और किरण साबू का विशेष सहयोग रहा।

महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। सामूहिक एवं एकल नृत्य, नाटक और प्रस्तुतियों के माध्यम से ईसर-गौरा की परंपरा तथा उनके प्रति आस्था को सुंदर रूप में अभिव्यक्त किया गया। साथ ही सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के उद्देश्य से कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें ईसर-गौरा, देवरानी-जेठानी, सहेलियां, सोलह श्रृंगार और गजामिनी प्रमुख रहीं।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और पारंपरिक सौंदर्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ईसर-गौरा प्रतियोगिता में किरण साबू और पूनम पारीक, देवरानी-जेठानी में अनीता शर्मा और सुशीला शर्मा, सहेलियां में आशिता और सरोज, सोलह श्रृंगार में वंदना पारीक तथा गजामिनी प्रतियोगिता में पूजा जोशी विजेता रहीं।

कार्यक्रम के दौरान मधु पारीक द्वारा पारंपरिक प्रश्नोत्तरी और खेल प्रतियोगिताओं का संचालन किया गया, जिसने आयोजन को और अधिक रोचक बना दिया। जज के रूप में शीतल सोमानी और रत्ना सिंह भारद्वाज ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कुल 72 महिलाओं की सहभागिता के साथ यह आयोजन सांस्कृतिक उत्सव का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूरी टीम ने समर्पण और मेहनत का परिचय दिया।

अंत में पारीक महिला परिषद की अध्यक्ष कौशल्या ब्यास ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *