होजाई में शिलादित्य देव का भव्य स्वागत, टिकट कटने पर रामकृष्ण घोष ने जताई नाराजगी
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मूंदड़ा
आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर 63 नंबर होजाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक शिलादित्य देव को टिकट मिलने के बाद क्षेत्र में जहां समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है, वहीं वर्तमान विधायक रामकृष्ण घोष ने अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की है।
टिकट की घोषणा के बाद पूरे होजाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और जश्न मनाकर खुशी जाहिर की। इसी क्रम में शिलादित्य देव का डिमरू पार से एक विशाल बाइक रैली के साथ भव्य स्वागत किया गया। शहर में निकली इस शोभायात्रा के दौरान “फिर एक बार मोदी सरकार” और “असम में फिर भाजपा सरकार” जैसे नारों से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया।
रैली के दौरान मीडिया से बातचीत में शिलादित्य देव ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 2021 में टिकट नहीं मिलने के बाद इस बार उन्हें अवसर दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे होजाई के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने 23 मार्च को श्रीमंत शंकरदेव नगर में नामांकन पत्र दाखिल करने की घोषणा की।
दूसरी ओर, टिकट से वंचित विधायक रामकृष्ण घोष ने तीव्र असंतोष व्यक्त करते हुए पार्टी की टिकट वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर हाल ही में अन्य दलों से आए नेताओं को प्राथमिकता देना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने “स्थानीय बनाम बाहरी” का मुद्दा उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
घोष के बयानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी और उनके कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में विकास कार्यों को लेकर कई विवाद सामने आए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच शिलादित्य देव ने सभी कार्यकर्ताओं और जनता से एकजुट होकर होजाई के विकास के लिए काम करने का आह्वान किया है। अब इस सीट पर चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक होता नजर आ रहा है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">