सीएम हिमंत विश्व शर्मा का AJP उम्मीदवार कुंकी चौधरी पर हमला, परिवार से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर उठाए सवाल
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने असम जातीय परिषद (AJP) के सेंट्रल गुवाहाटी उम्मीदवार कुंकी चौधरी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उम्मीदवार के पारिवारिक पृष्ठभूमि और उनकी माता से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर गंभीर सवाल उठाए।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्हें कुंकी चौधरी की माता सुजाता गुरूंग चौधरी के सिक्किम निवासी होने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनके सोशल मीडिया गतिविधियों को “जनभावनाओं के लिए आक्रामक” बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सुजाता गुरूंग चौधरी के इंस्टाग्राम पोस्ट में कथित रूप से गोमांस सेवन से जुड़ी तस्वीरें और सनातन धर्म के प्रति आलोचनात्मक टिप्पणियां शामिल हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने शरजील इमाम और उमर खालिद जैसे विवादित व्यक्तियों का समर्थन किया है, जो पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर बहस का विषय रहे हैं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने असम के “चिकन नेक” कॉरिडोर जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी टिप्पणी की है और भगवान कृष्ण से संबंधित धार्मिक मान्यताओं पर सवाल उठाए हैं। साथ ही, उन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों पर भी कथित रूप से आपत्तिजनक विचार व्यक्त किए हैं।
मुख्यमंत्री ने AJP अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई से इस मामले की जांच करने और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की पुष्टि करने की अपील की।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">