लखीमपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा, शहर हुआ भक्तिमय; अमृत भंडारा जारी
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
उत्तर लखीमपुर में श्री श्री हनुमान मंदिर समिति एवं श्री श्री सीताराम जी ठाकुरबाड़ी मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे गाजे-बाजे और श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें सीता बनवास, अशोक वाटिका तथा श्रीराम-सीता की दिव्य झलक विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। यह यात्रा श्री श्री हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर बाजार रोड, एवरेडी पेट्रोल पंप, जेल रोड, उपायुक्त कार्यालय, क्लिक टावर होते हुए एन.टी. रोड से गुजरकर पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। शोभायात्रा के समापन पर भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। संध्या 7 बजे सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ भी श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया।
वहीं आज 3 अप्रैल को हनुमान मंदिर परिसर में दोपहर 12:45 बजे से अमृत भंडारा आयोजित किया गया है, जो संध्या 4 बजे तक जारी है। इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जहां भक्तजन प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">