हनुमान जन्मोत्सव पर झुंझुनूं में सजा भव्य दरबार, कन्हैया मित्तल के भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
थर्ड आई न्यूज़
झुंझुनु । श्री बंधे का बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या ने बुधवार को भक्तिमय माहौल का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। मंदिर परिसर की किलेनुमा भव्य सजावट, आकर्षक रोशनी और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भजन गायक कन्हैया मित्तल द्वारा गणेश वंदना से की गई। इसके बाद उन्होंने “तेरा बंधे का दरबार तन्ने पूजे यो संसार…” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “नफरत की इस दुनिया से मुझको तो नफरत है…” और “बालाजी कुछ ऐसी मुझपे कृपा करो…” जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
भजन संध्या में जिला कलेक्टर अरुण गर्ग, विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिणी कुल्हरी, युवा नेता बबलू चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न शहरों से आए प्रवासी श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
मंदिर ट्रस्ट के नरेशचंद्र गाडिया ने बताया कि कार्यक्रम के लिए मुख्य मैदान में लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भारी भीड़ के चलते यह व्यवस्था भी कम पड़ गई। सुजानगढ़ के डेकोरेटर द्वारा की गई भव्य लाइटिंग ने पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रूप प्रदान किया।
भक्तों की उमड़ी भीड़ और भजनों की मधुर धुनों के बीच आयोजित यह भजन संध्या हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अनुपम संगम बनकर सामने आई।

