युवा सामाजिक कार्यकर्ता विशाल भातरा शर्मा को भारत भारती सेवा सम्मान से नवाजा गया

थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी । महानगर के युवा सामाजिक कार्यकर्ता विशाल भातरा शर्मा को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “भारत भारती सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत भारती (असम केंद्रीय समिति) की ओर से प्रदान किया गया, जो राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समर्पण को समर्पित एक प्रतिष्ठित संस्था है।
सम्मान पत्र में विशाल भातरा शर्मा की असाधारण सामाजिक सेवा, अदम्य प्रतिबद्धता और प्रेरणादायी कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई है। उनके कार्यों को उत्कृष्टता और दूसरों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बताया गया है।
संस्था के अध्यक्ष भास्कर दत्ता गोस्वामी, सचिव निराकर प्रधान, कोषाध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और नॉर्थ ईस्ट कोऑर्डिनेटर शोभन व्यास द्वारा संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित यह सम्मान प्रदान किया गया I
उल्लेखनीय है कि विशाल भातरा शर्मा गुवाहाटी महानगर की कई प्रमुख सेवा संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी युवा ऊर्जा और समर्पण से निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनकी सेवाएं विशेषकर वंचित वर्गों, और सामाजिक जागरूकता अभियानों में महत्वपूर्ण रही हैं।
विशाल भातरा शर्मा ने इस सम्मान को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सेवा कार्यों के प्रति प्रेरणा का स्रोत बताते हुए सभी सहयोगियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया I