बरपेटा रोड में तीन दिवसीय श्री पुरुषोत्तम अधिकमास महात्म्य कथा संपन्न, भक्तिमय माहौल में गूंजे भक्ति संदेश
थर्ड आई न्यूज
बरपेटा रोड। धार्मिक महिला समिति, बरपेटा रोड के तत्वावधान में श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय “श्री पुरुषोत्तम अधिकमास महात्म्य कथा” श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो गई। 18 से 20 मई 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित इस कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
कथा वाचन का दायित्व कथावाचक पंडित रामदेव पारीक ने निभाया। आयोजन में पंडित विकास शर्मा ने माला एवं मंत्र जाप के माध्यम से सहयोग प्रदान किया, वहीं पवन शर्मा ने अपने मधुर भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। तीनों दिनों तक कथा स्थल पर श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष माहौल बना रहा।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं को पुरुषोत्तम अधिकमास का महत्व, भगवान श्रीहरि की महिमा, सत्संग, गुरु महिमा, दान, धर्म और मानव जीवन के उद्देश्य से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का विस्तार से वर्णन सुनने को मिला। प्रथम दिवस अधिकमास के महत्व, सत्संग के प्रभाव और दीपदान, दया तथा धर्म के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया।
द्वितीय दिवस में पुरुषोत्तम मास में किए जाने वाले व्रत, जप, तप, पूजन और दान की महिमा का वर्णन किया गया। 33 मालपुओं का महत्व, अयाची भाव, पतिव्रता नारी के गुण, परिक्रमा तथा शिव महिमा जैसे प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
अंतिम दिवस भगवान की भक्ति, नामस्मरण, सेवा, श्रद्धा और पूर्ण समर्पण के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। कथा के समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्री पुरुषोत्तम प्रभु का स्मरण करते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
धार्मिक महिला समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली समस्त मातृशक्ति, श्रद्धालु भक्तों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों के प्रसार का संकल्प दोहराया।

