लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड की कार्यकारिणी एवं साधारण सभा संपन्न, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पंकज पोद्दार की मौजूदगी में सेवा कार्यों और आगामी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 24 मई 2026। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड की कार्यकारिणी एवं साधारण सभा होटल नंदन में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। क्लब अध्यक्ष दीपक भजनका की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पंकज पोद्दार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 70 सदस्यों ने अपने परिवार एवं बच्चों के साथ भाग लेकर उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई।

सभा में इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी एम.पी. अग्रवाल, जिला जीएसटी को-ऑर्डिनेटर ऋषभ लोढ़ा तथा जिला कैबिनेट के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बोर्ड मीटिंग से हुई, जिसके बाद साधारण सभा में आगामी सेवा परियोजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और क्लब की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के आरंभ में विश्व शांति एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मनोज भजनका के पिता के निधन पर श्रद्धांजलि स्वरूप एक मिनट का मौन रखा गया। सभा का संचालन पूजा अग्रवाल ने प्रभावी ढंग से किया। सचिव सुमित हिसारिया ने वार्षिक सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाला ने आय-व्यय का ब्यौरा सदन के समक्ष रखा।

अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पंकज पोद्दार ने क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इंटरनेशनल हंगर सर्विस वीक के तहत क्लब ने सात दिनों के निर्धारित अभियान को बढ़ाकर दस दिन तक चलाया और पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने क्लब को “बेस्ट हंगर सर्विस अवॉर्ड” देने की घोषणा की।

इस अवसर पर अध्यक्ष दीपक भजनका को इंटरनेशनल प्रेसिडेंट सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए क्लब के सक्रिय सदस्यों और जनसंपर्क अधिकारी जया पारीक को क्लब बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। क्लब के चार्टर अध्यक्ष अशोक गोयल को इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी एम.पी. अग्रवाल ने इंटरनेशनल बैज देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान हाल ही में घोषित कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों के बच्चों को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों एवं सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने आयोजन में उत्साह और पारिवारिक आत्मीयता का रंग भर दिया। अंत में सौहार्दपूर्ण फेलोशिप डिनर के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *