गुवाहाटी में जयपुर मूल की महिलाओं ने बनाया “पिंक सिटी क्वींस” समूह, आपसी जुड़ाव, संस्कृति और आत्मीय संबंधों को मजबूत करने की पहल
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 25 मई। जयपुर मूल की महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “पिंक सिटी क्वींस” नामक नए महिला समूह का गठन किया गया है। समूह का पहला मिलन समारोह रिहाबाड़ी में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 10 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समूह की संस्थापक भावना मूंदड़ा एवं ज्योति भूत ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जयपुर से जुड़ी महिलाओं को एक परिवार की तरह जोड़ना और आपसी संबंधों को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समूह की ओर से सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे महिलाओं को एक-दूसरे के साथ संवाद और सहभागिता का अवसर मिल सके।
पहले मिलन समारोह में परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने आत्मीय माहौल में एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे पूरे आयोजन में पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा।
समूह की ओर से गुवाहाटी में रहने वाली जयपुर मूल की सभी महिलाओं को “पिंक सिटी क्वींस” से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया है। समूह में शामिल होने के लिए किसी आयु सीमा का निर्धारण नहीं किया गया है। संस्था से जुड़ने की इच्छुक जयपुर मूल की महिलाएं भावना मूंदड़ा (9435550267) एवं ज्योति भूत (9435506466) से संपर्क कर सकती हैं।

