असम पहुंचे यूरोपीय संघ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने की मुलाकात, भारत-ईयू साझेदारी मजबूत करने पर हुई चर्चा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 9 जून। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने गुवाहाटी पहुंचे यूरोपीय संघ (ईयू) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।

यह प्रतिनिधिमंडल भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन (Herve Delphin) के नेतृत्व में असम पहुंचा। ‘टीम यूरोप’ के इस दौरे का उद्देश्य असम और पूर्वोत्तर भारत में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग एवं निवेश की संभावनाओं का पता लगाना है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और यूरोपीय संघ के बीच साझेदारी को सशक्त बनाने में असम की संभावित भूमिका और उपलब्ध अवसरों पर प्रतिनिधिमंडल के साथ सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

उन्होंने कहा, “हमने इस बात पर चर्चा की कि आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत-ईयू संबंधों को मजबूत करने में असम किस प्रकार महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।”

यूरोपीय संघ के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा नवीकरणीय एवं हरित ऊर्जा, टिकाऊ शहरी अवसंरचना, स्वास्थ्य एवं औषधि उद्योग, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, चाय एवं कृषि-खाद्य प्रसंस्करण, फ्लेवर एवं फ्रेगरेंस उद्योग तथा आयुष क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं की तलाश पर केंद्रित है।

अपने दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल राज्य सरकार के अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेगा। इन बैठकों का उद्देश्य व्यापार एवं निवेश के नए अवसरों की पहचान करना और असम, पूर्वोत्तर भारत तथा यूरोपीय देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाना है।

माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-यूरोपीय संघ नमस्ते को नई गति प्रदान करेगा और असम को निवेश, नवाचार तथा सतत विकास के उभरते केंद्र के रूप में वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *