पूर्वोत्तर हिंदुस्तानी सम्मेलन ने आर्य नगर घटना पर भड़काऊ प्रचार की निंदा की, सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 9 जून। पूर्वोत्तर हिंदुस्तानी सम्मेलन ने गुवाहाटी महानगर के आर्य नगर में गत रविवार को घटित विवाद की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कुछ व्यक्तियों और समूहों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदीभाषी समुदाय के खिलाफ भ्रामक एवं नफरत फैलाने वाले प्रचार की कड़ी निंदा की है।
सम्मेलन के महामंत्री एमपी राय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भारत एक बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक देश है, जहां सभी नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने और देश के किसी भी हिस्से में बसने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि असमिया समाज विभिन्न भाषाई और जनजातीय समुदायों के समन्वय से निर्मित हुआ है तथा हिंदीभाषी समाज भी असमिया समाज का अभिन्न अंग है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि हिंदीभाषी समुदाय का असम के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सम्मेलन ने स्पष्ट किया कि आर्य नगर की घटना की गुवाहाटी पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और संगठन को पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है। साथ ही यह आशा जताई गई कि पुलिस दोषियों की पहचान कर उनके घृणास्पद एवं भावनाओं को भड़काने वाले कृत्यों का पर्दाफाश करेगी।
पूर्वोत्तर हिंदुस्तानी सम्मेलन ने कहा कि हिंदीभाषी और असमिया समाज के बीच सदैव सौहार्दपूर्ण तथा परस्पर सम्मान का संबंध रहा है। हालांकि, कुछ स्वार्थी तत्व इस संबंध को प्रभावित करने और असम को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी मंशा कभी सफल नहीं होगी।
सम्मेलन के महामंत्री एमपी राय ने बताया कि वर्तमान स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने तथा सामान्य वातावरण की बहाली में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।

