मायुमं गुवाहाटी शाखा का 3 दिवसीय रक्तदान शिविर संपन्न, 97 यूनिट रक्त संग्रह
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 16 जून 2026 । विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में मारवाड़ी युवा मंच (मायुमं) गुवाहाटी शाखा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल समापन हुआ। 14 से 16 जून तक चले इस शिविर में कुल 97 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
तीन दिन, तीन स्थान, एक संकल्प :
शिविर की शुरुआत 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर हार्डवेयर एंड सैनिटरी एसोसिएशन के सहयोग से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में गुवाहाटी सेंट्रल के विधायक विजय गुप्ता उपस्थित रहे। पहले दिन 43 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 35 लोगों ने रक्तदान किया।
दूसरे दिन का शिविर मालीगांव स्थित सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ रेलवे पुलिस असम के कार्यालय में आयोजित हुआ। एसएसपी प्राणजीत बोरा के विशेष सहयोग से 53 पुलिसकर्मियों ने पंजीकरण कराया और जांच के बाद 36 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष मोहित मालू ने एसएसपी बोरा का स्वागत व आभार व्यक्त किया।
तीसरे और अंतिम दिन का शिविर चांगसारी स्थित जेरिको कैंपा फैक्ट्री में लगाया गया। यहां 28 लोगों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 26 लोग रक्तदान के लिए उपयुक्त पाए गए। जेरिको के निदेशक व गुवाहाटी शाखा के पूर्व अध्यक्ष बिजीत प्रकाश को शाखा पदाधिकारियों ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इन ब्लड बैंकों का रहा विशेष सहयोग :
इस अभियान में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ब्लड बैंक, मारवाड़ी हॉस्पिटल ब्लड बैंक और बी. बरुआ कैंसर हॉस्पिटल ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा।
शिविर को सफल बनाने में रक्त संयोजक नवीन मालू, मोहित सीकरिया, शाखा अध्यक्ष आकाश शर्मा, शाखा मंत्री लखन वर्मा, कोषाध्यक्ष अंकित जैन, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा सहित अन्य सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।
शाखा अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बताया कि वर्तमान में बढ़ती रक्त की आवश्यकता और ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को देखते हुए इस शिविर को एक लक्ष्य के रूप में आयोजित किया गया, ताकि रक्त की आपूर्ति में कुछ मदद की जा सके।
शाखा के जन संपर्क अधिकारी विवेक सांगानेरिया ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी दी।

