नगांव के वरिष्ठ समाजसेवी शिव शंकर महतो का निधन, सामाजिक एवं साहित्यिक जगत में शोक की लहर
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव शहर के बी.जी. रोड, एटाचाली निवासी एवं वरिष्ठ समाजसेवी शिव शंकर महतो का गुरुवार रात्रि उनके पैतृक गांव बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर साह गांव में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे शिव शंकर महतो ने स्वास्थ्य अधिक बिगड़ने पर अपने पैतृक निवास पर अंतिम सांस ली।
समाजसेवा, परोपकार, सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए विख्यात शिव शंकर महतो के निधन का समाचार फैलते ही नगांव तथा उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उनके निधन पर नगांव-बटद्रोवा के विधायक रूपक शर्मा तथा पूर्व विधायक डॉ. दुर्लभ चमुआ सहित विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करने वाले प्रमुख संगठनों में नगांव साहित्य सभा, नगांव प्रेस क्लब, नगांव प्रिंट मीडिया एसोसिएशन, सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति, भोजपुरी जातीय सम्मेलन, अपना परिवार, छठ व्रत समिति तथा नगांव जिला भोजपुर परिषद सहित अनेक संस्थाएं शामिल हैं।
सभी संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
शिव शंकर महतो अपने पीछे पत्नी, चार पुत्र, पुत्रवधुओं सहित एक बड़ा एवं भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके ज्येष्ठ पुत्र अर्जुन कुमार महतो मारवाड़ी हिंदी हाई स्कूल में सहायक शिक्षक हैं। दूसरे पुत्र संजय कुमार महतो सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति के सहसचिव होने के साथ-साथ एक युवा व्यवसायी भी हैं। वहीं उनके कनिष्ठ पुत्र अजय कुमार महतो वरिष्ठ पत्रकार, कवि एवं लेखक हैं तथा वर्तमान में पूर्वांचल प्रहरी के नगांव जिला संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
शिव शंकर महतो का जीवन समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके निधन से न केवल उनके परिवार, बल्कि नगांव के सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्र को भी अपूरणीय क्षति पहुंची है।

