‘समाज का गौरव – हमारी शान’ एवं ‘ज्ञान की ज्योति, पारीक की पहचान’ के संकल्प के साथ पारीक महिला परिषद ने डॉक्टर एवं सीए युवाओं का घर-घर जाकर किया सम्मान
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 1 जुलाई 2026।
समाज में शिक्षा, प्रतिभा और संस्कारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी ने अपने प्रेरक संकल्प ‘समाज का गौरव – हमारी शान’ एवं ‘ज्ञान की ज्योति, पारीक की पहचान’ के अंतर्गत इंटरनेशनल डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर समाज के होनहार युवा डॉक्टरों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का उनके घर जाकर सम्मान किया।
परिषद द्वारा वर्ष 2021 से 2026 के मध्य डॉक्टर एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर समाज और परिवार का नाम गौरवान्वित करने वाले डॉ. रीना पारीक, डॉ. पायल पारीक, गरिमा शर्मा, निमिषा शर्मा, ऋषभ शर्मा, मिहिर पुरोहित, निखिल शर्मा एवं अनिरुद्ध पारीक का उनके निवास पर जाकर फूलम गमछा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय एवं पारिवारिक वातावरण में अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर परिषद की अध्यक्षा निशा पारीक ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं का सम्मान करना नहीं, बल्कि उनकी सफलता को समाज के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाना है। जब किसी परिवार का बच्चा अपनी मेहनत से डॉक्टर या चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर सम्मानित होता है, तब अनेक परिवारों में शिक्षा के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संचार होता है। यही प्रेरणा समाज को निरंतर आगे बढ़ाती है।
सम्मानित बच्चों की सूची परिषद की पूर्व अध्यक्षा एवं वर्तमान सलाहकार ममता शर्मा तथा ज्योति पुरोहित द्वारा तैयार की गई। सम्मान यात्रा में परिषद की अध्यक्षा निशा पारीक, पूर्व अध्यक्षा एवं सलाहकार सुषमा शर्मा, ममता शर्मा, विनीता पारीक, सचिव जया पारीक, कोषाध्यक्ष पूजा जोशी तथा परिषद सदस्याएँ ज्योति पुरोहित, मधु शर्मा, पुष्पा पारीक, नेहा जोशी एवं उषा पारीक उपस्थित रहीं।
सम्मानित बच्चों एवं उनके परिजनों ने परिषद की इस अभिनव एवं प्रेरणादायी पहल के प्रति हर्ष व्यक्त करते हुए इसे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।
परिषद ने यह भी संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में समाज के इंजीनियर, शिक्षक, वकील एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी इसी गरिमा एवं सम्मान के साथ प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि समाज में शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्टता की यह ज्योति निरंतर प्रज्वलित होती रहें ।

