राष्ट्रीय डाक कर्मचारी दिवस पर मारवाड़ी सम्मेलन ने 60 डाक अधिकारियों व कर्मचारियों का किया सम्मान
थर्ड आई न्यूज
धुबड़ी। राष्ट्रीय डाक कर्मचारी दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, धुबड़ी शाखा की ओर से धुबड़ी प्रधान डाकघर एवं डाक अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत लगभग 60 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्यालय पहुंचकर असमिया फूलाम गामोसा एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन की इस पहल से डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भावुक और उत्साहित नजर आए। उन्होंने मारवाड़ी सम्मेलन के इस अभिनव एवं प्रेरणादायी प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर धुबड़ी डाक मंडल कार्यालय के विपणन अधिकारी धीरज कुमार ने कहा कि समाज से मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में जब भी मारवाड़ी समाज को डाक विभाग के सहयोग की आवश्यकता होगी, विभाग पूरी तत्परता के साथ सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेगा।
सम्मान समारोह के संयोजक विकास कुमार शर्मा थे। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के मंडल ‘के’ के मंडलीय सहायक मंत्री संजय मोर, सम्मेलन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदनलाल बुच्चा, संयुक्त मंत्री विकास भंडारी, कार्यकारिणी सदस्य राजेश नाहटा तथा सदस्य जेठमल बोथरा एवं बेगराज बोथरा उपस्थित रहे।
यह आयोजन समाज और डाक विभाग के बीच आपसी सम्मान, विश्वास एवं सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ। समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि “सेवा का सम्मान ही समाज का सम्मान है।”

