समाजसेवी सुशील कुमार शुक्ल बने लायंस क्लब लखीमपुर के अध्यक्ष

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर, 20 जुलाई। लायंस क्लब लखीमपुर शाखा एवं लायंस क्लब प्रेरणा का वार्षिक अधिवेशन वर्ष 2026-27 के लिए संपन्न हुआ। अधिवेशन में समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय सुशील कुमार शुक्ल को सर्वसम्मति से लायंस क्लब लखीमपुर का अध्यक्ष चुना गया।

सुशील कुमार शुक्ल लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने श्री श्री हनुमान मंदिर में कोषाध्यक्ष, सचिव एवं अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे छठ घाट पूजा समिति के अध्यक्ष तथा सर्वेश्वर बरुवा हिंदी विद्यालय के अध्यक्ष रह चुके हैं।

वर्तमान में वे अखिल असम भोजपुरी परिषद, लखीमपुर जिला समिति के मुख्य सलाहकार तथा लखीमपुर भोजपुरी कल्याण समाज के सचिव के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त श्री श्री आदर्श सुंदरकांड सत्संग मंडल, ब्राह्मण समाज, चेंबर ऑफ कॉमर्स तथा श्री कृष्ण गोपाल गौशाला, लखीमपुर के सक्रिय सदस्य के रूप में भी समाज सेवा में योगदान दे रहे हैं।

उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संगठनों के अध्यक्षों, सचिवों एवं पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में लायंस क्लब लखीमपुर समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ल ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों के सहयोग से समाजहित में अधिक से अधिक जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।

अधिवेशन में लायंस क्लब के वरिष्ठ सदस्य, महिला विंग की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *