‘अन्तर्लय’ थीम पर संपन्न हुई अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन असम प्रदेश की प्रथम प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक
थर्ड आई न्यूज
बोकाखात। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, असम प्रदेश (सत्र 2026-28) की प्रथम प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक ‘अन्तर्लय’ थीम पर बोकाखात के सत्यनारायण सेवा सदन में प्रांतीय अध्यक्ष शालिनी बगड़िया और प्रांतीय सचिव मनीता मित्तल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम का आयोजन बोकाखात शाखा एवं बोकाखात सृजन शाखा के आतिथ्य में किया गया।
बैठक का शुभारंभ गणेश वंदना, मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा संगठन प्रार्थना एवं ‘ॐ’ के उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सावित्री बाफना सहित सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा उषा किरण टिबरेवाल, राष्ट्रीय पूर्वांचल प्रमुख कांता गाड़ोदिया, राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण प्रमुख नीलम अग्रवाल, पूर्व प्रांतीय अध्यक्षा कृष्णा खेमका, पिंकी प्रिथानी और नमिता जलान, निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्षा शीतल सोमानी, निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष अनीता अग्रवाल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष संगीता शोभासरिया, प्रांतीय सहसचिव ज्योति सुरेखा, प्रांतीय उपाध्यक्ष राधिका जलान सहित प्रदेश कार्यकारिणी, नौ प्रकल्प प्रमुख, आठ आंचल प्रमुख तथा विभिन्न शाखाओं की प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सृजन शाखा की पूजा अग्रवाल, नीतू मित्तल, सोनम पोद्दार, शिखा निमोदिया और प्रेरणा जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। कंचन चौधरी, रेखा चौधरी, प्रिया चौधरी एवं उम्पी गोयनका ने असम के जातीय गीत ‘ओ मुर आपुनार देश’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। मंच संचालन ज्योति पारीक और सोनम पोद्दार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ज्योति पारीक ने प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान शाखाओं की जिज्ञासाओं के समाधान एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से ‘खुला सत्र’ आयोजित किया गया। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा उषा किरण टिबरेवाल ने अपने अनुभव और दूरदर्शी विचारों से उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया।
प्रांतीय अध्यक्ष शालिनी बगड़िया ने अपने संबोधन में सेवा, संस्कार और संगठनात्मक एकता को सम्मेलन की मूल शक्ति बताते हुए सभी शाखाओं से बाल संस्कार केंद्र स्थापित करने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा ‘वसुधा सूत्र’ पर्यावरण परियोजना को व्यापक रूप से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज को नई दिशा देने का संकल्प भी दिलाया।
प्रांतीय सचिव मनीता मित्तल ने प्रदेश की 52 शाखाओं की पिछले चार माह की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि प्रांतीय कोषाध्यक्ष संगीता शोभासरिया ने आय-व्यय का विवरण रखा।
इस अवसर पर आई डोनर्स प्लेज कार्ड का अनावरण किया गया तथा विभिन्न प्रांतीय परियोजनाओं के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
बैठक में असम की 23 शाखाओं की प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की थीम ‘श्रीनाथजी’ पर आधारित रखी गई। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को बढ़ावा देते हुए सभी अतिथियों को इको-फ्रेंडली गमलों में पौधे एवं श्रीमद्भगवद्गीता स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किए गए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसकी जानकारी निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष अनीता अग्रवाल ने दी।

