बंगाईगांव दक्षिण में ‘श्री उत्सव’ का भव्य आयोजन, महिला उद्यमिता को मिला नया मंच
थर्ड आई न्यूज़
बंगाईगांव, 19 जुलाई। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की “सक्षम नारी–विकसित समाज” योजना के अंतर्गत तेरापंथ महिला मंडल, बंगाईगांव दक्षिण द्वारा रविवार को ए.ओ.सी. रोड स्थित तेरापंथ महिला मंडल भवन में ‘श्री उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बंगाईगांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक दीप्तिमय चौधरी ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र एवं प्रेरणा गीत के साथ हुआ।
इस अवसर पर विधायक दीप्तिमय चौधरी, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की विशेष आमंत्रित सदस्या शांति बैद तथा शिखा बोथरा का पारंपरिक असमिया फुलाम गमछा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन करते हुए मंडल की मंत्री ममता दुगड़ ने अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की चारों प्रमुख योजनाओं की जानकारी देते हुए “एक कदम स्वावलंबन की ओर” विषय पर आयोजित श्री उत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में विधायक दीप्तिमय चौधरी ने तेरापंथ महिला मंडल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले ऐसे मंच स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने और समाज में स्वरोजगार की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री उत्सव में सर्व समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी में कुल 14 आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें हस्तनिर्मित राखियां, बंधनवार, सजावटी सामग्री, परिधान, साड़ियां, आभूषण, बैग, गृह उपयोगी वस्तुएं, उपहार सामग्री तथा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन ने महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान खरीदारों के लिए निःशुल्क लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। वहीं उर्मिला लुनिया को सर्वश्रेष्ठ स्टॉल सजावट (बेस्ट डेकोरेशन) के लिए सम्मानित किया गया। पूरे दिन उत्साह, सहयोग और सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहा तथा शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आयोजन की सराहना की।
समापन अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल, बंगाईगांव दक्षिण की अध्यक्षा सरोज सिंघी एवं सचिव ममता दुगड़ ने सभी स्टॉल संचालिकाओं, अतिथियों तथा सहयोगी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया। निवर्तमान अध्यक्षा चंदा भंसाली ने कहा कि श्री उत्सव का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके हुनर को समाज के समक्ष एक सशक्त मंच प्रदान करना है। इस अवसर पर सभी स्टॉल संचालिकाओं को स्मृति-उपहार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में सोनिका पारख, संजू भंसाली, रानी सेठिया, संगीता भंसाली, चंचल सामसुखा, राजश्री लुणावत, विभा भंसाली, प्रमिला सेठिया एवं चंदा भंसाली का विशेष सहयोग रहा। उपस्थित अतिथियों और आगंतुकों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

